एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान ड्यूटी के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपना व्यवहार संयमित रखेंगे ताकि किसी भी जुलूस या प्रदर्शन में स्थिति न बिगड़े। साथ ही बैरियरों पर असामाजिक तत्व न चढ़ें इस बात का भी ध्यान रखा जाए। एसएसपी ने रविवार को सत्र की ड्यूटी में तैनात रहने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया।
एसएसपी ने ब्रीफिंग से पहले विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने विधानसभा के बजट सत्र में नियुक्त रहने वाले पुलिस बल को पुलिस लाइन में ब्रीफ किया। कहा कि पुलिसकर्मी किसी भी दशा में अनावश्यक टिप्पणी से बचें। किसी भी प्रकार का कोई विवाद हो तो इसकी जानकारी अपने प्रभारी को दें। गेट पर ड्यूटी में रहने वाले अधिकारी और कर्मचारी इस बात का ध्यान रखें कि कोई बिना पास के तो अंदर नहीं जा रहा है। यदि ऐसी चूक हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी स्थल पर समय से पहले ही पहुंच जाएं।
कहा, जो भी अधिकारी किसी क्षेत्र का प्रभारी है वह भी समय के साथ अपने अधीनस्थों को ड्यूटी के बारे में बताए। ब्रीफिंग के बाद आईजी गढ़वाल करन सिंह नगन्याल ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने भी पुलिस बल को इस संबंध में दिशा निर्देश दिए। ब्रीफिंग के बाद फोर्स ने वहां पर फुल ड्रेस रिहर्सल भी की। इस दौरान सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए की ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। एसपी ट्रैफिक सर्वेश पंवार, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी ग्रामीण लोकजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।