सफाई कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने तहसील में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। मांगों पर कार्रवाई न होने पर एक जनवरी से आंदोलन की चेतावनी दी।
शुक्रवार को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अनुपमा टांक के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा। अनुपमा टांक ने कहा कि करीब दो साल पूर्व डॉ. ललित मोहन रयाल कमेटी अपनी रिपोर्ट सरकार को दे चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के सभी निकायों में तैनात संविदा और ठेकेदारी पर रखे गए सफाई कर्मियों को तत्काल प्रभाव से नियमित किया जाए। पुरानी पेंशन को बहाल करने की भी मांग की। कहा कि निकाय की भूमि पर मकान बना कर या फिर सरकारी आवासों में रह रहे सफाई कर्मचारियों को मालिकाना हक दिया जाए। अधिकांश सफाई कर्मी भूमिहीन है, जिस कारण उनके बच्चों के जाति और निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पाते। अधिकांश निकायों का विस्तार हो चुका है, जिसे देखते हुए सफाई कर्मियों के पदों की संख्या बढ़ाई जाए। सफाई कर्मियों के पढ़े लिखे बच्चाें को निकाय के विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जाए। अनुपमा टांक ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई न होने पर प्रदेशभर के सफाईकर्मी एक जनवरी से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।
प्रदर्शन करने वालों में राजपाल सिंह, सुशील, सतीश, शिवा, समर पाल, शिव कुमार, स्वराज, शिव कुमार, राजेश, सागर, विक्रम सिंह, विक्रम सिंह, नरेश कुमार आदि शामिल रहे।