देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा पहाड़ में सैन्य धाम बनाने की मांग की अनदेखी को लेकर कड़ी आलोचना की है। मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी व जिलाध्यक्ष प्रदीप कुकरेती ने कहा कि शनिवार को सैन्यधाम के उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम ने पहाड़ के बजाय देहरादून में सैन्य धाम बनाने की वकालत की। सीएम ने तर्क दिया कि देहरादून में पर्यटक अधिक आते हैं। इस कारण उन्होंने यहीं सैन्य धाम बनाने का फैसला किया। नेगी व कुकरेती ने कहा कि अगर सरकार यही सोचकर देहरादून का विकास करने पर लगी रही तो पहाड़ की जिम्मेदारी कौन लेगा। राज्य आंदोलनकारियों ने पहाड़ के विकास के लिए ही अपना बलिदान देकर अलग राज्य बनवाया था। पूरण सिंह लिंगवाल ने भी निंदा की।