शहर के नामी शिक्षण संस्थान के रसोईघर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम छापा मारा। खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्र किए। संस्थान को नोटिस भी जारी किया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त डाॅ. आर राजेश कुमार ने खाद्य सुरक्षा के मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग समेत विभिन्न स्थानों पर होटल, रेस्तरां, आउटलेट और शिक्षण संस्थानों के रसोईघरों से भी सैंपल लेकर उनकी जांच की जा रही है।
मसूरी रोड स्थित एक नामी शिक्षण संस्थान की छात्राओं ने रसोईघर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं होने की शिकायत की थी। जांच टीम ने छात्राओं से मिलकर उनका पक्ष लिया। उपायुक्त गढवाल मंडल आरएस रावत ने रसोईघर की सफाई एवं खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी रसाेई कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा की टीम ने हरिद्वार रोड स्थित एक मॉल के फूड कोर्ट में स्थित नामी प्रतिष्ठानों में भी छापा मारा। टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी, एसआई जगदीश रतूड़ी शामिल रहे।