रामपुर पथराव कांड का है आरोपी, अभी चल रहा फरार
सहसपुर पुलिस ने की कार्रवाई
रामपुर पथराव कांड के मुख्य आरोपी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राशिद पहलवान की हिस्ट्रीशीट खोलने के बाद पुलिस ने उसके भाई की भी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। वह भी रामपुर पथराव कांड का आरोपी है। इससे पहले पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।
थाना प्रभारी सहसपुर गिरीश नेगी ने बताया कि जांच में हिस्ट्रीशीटर राशिद पहलवान के भाई जावेद निवासी रामपुर शंकरपुर विगत कई वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में सम्मिलित होकर धोखाधड़ी से जमीनों पर अवैध कब्जा करने, मारपीट करने, बलवा करने आदि आपराधिक कृत्य में संलिप्त था। आरोपी के खिलाफ थाना सहसपुर में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
जावेद इन मुकदमों का हवाला देकर आम लोगों को डराता धमकाता और मारपीट करता था। जिसके चलते जावेद की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखा जाना अत्यंत आवश्यक हो गया था। विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अनुमोदन के लिए फाइल उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।
अधिकारियों के अनुमोदन के बाद आरोपी जावेद की ए श्रेणी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। जावेद वर्तमान में गिरफ्तारी के डर से फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। भविष्य में आरोपी पर नियमित निगरानी रखी जाएगी।
सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों और दबंगई दिखाने वालों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। आम जनता को डरा धमका कर उनकी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। भविष्य में ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनकी बेनामी संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। - भाष्कर शाह, पुलिस क्षेत्राधिकारी