हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय से संबद्ध डीबीएस और एसजीआरआर पीजी कॉलेज में सोमवार से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। जबकि डीएवी और एमकेपी पीजी कॉलेज की पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। हालांकि इस बार कम आए आवेदन ने महाविद्यालयों में सीटें भरना बड़ी चुनौती रहेगी।डीबीएस महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल पाल और एसजीआरआर पीजी कॉलेज के प्राचार्य मेजर प्रदीप सिंह ने बताया पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। 27 जुलाई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हां यह बात सही है कि इस बार आवेदन कम आए हैं। उधर डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कौशल कुमार, एमकेपी पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता सिंह ने बताया कि सोमवार को पहली मेरिट लिस्ट जारी करने के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्राचार्याें ने कहा कि यह बात सही है कि इस बार कम आवेदन आने की वजह से सीटें भरना सभी महाविद्यालयों की लिए बड़ी चुनौती होगी। हालांकि सीटें खाली न रहें इसके लिए विवि की ओर से नॉन-सीयूईटी के छात्रों को भी प्रवेश को मौका दिया जाएगा। बीते सालों में ऐसा ही किया गया है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आवेदन कम आने की सबसे बड़ी वजह कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के लिए बनाए गए दूर-दराज परीक्षा केंद्र रहे। उत्तराखंड के कई छात्रों को परीक्षा देने के लिए दूसरे राज्यों या लंबी दूरी तय करनी पड़ी, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन ही नहीं किया।