- तीन दिवसीय फेंसिंग प्रतियोगिता में भाग ले रहे 100 खिलाड़ी
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में तीन दिवसीय जिला स्तरीय फेंसिंग चैंपियनशिप शुरू हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को एसबीपीएस के तलवारों ने पांच स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कर्नल विवेक गुप्ता (रिटायर्ड) व विशिष्ट अतिथि कर्नल एसएस शाही (रिटायर्ड) ने किया। 10 नवंबर तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में 10 से अधिक स्कूल के 100 से अधिक छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं। फेंसिंग कोच प्रदीप कोठारी ने बताया कि बालक अंडर-12 फॉयल वर्ग में आदित्य पुंडीर ने स्वर्ण और मंथन ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-14 सबरे में आयुष्मान भट्ट ने स्वर्ण और आर्यस गौड़ ने कांस्य पदक जीता। बालिका अंडर-14 सबरे में वैष्णवी ने स्वर्ण और दिव्यांशी ने रजत पदक हासिल किया। बालक अंडर-17 एपी में रुद्राक्ष ने स्वर्ण पदक जीता। बालिका अंडर-19 फॉयल में साइना स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहीं। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना से प्रतियोगिता में भाग लेने की बात भी कहीं।