प्रो. हेमलता के को गुरुकुल कांगड़ी (समविश्वविद्यालय) का कुलपति बनाया गया है। कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. डीएस मलिक ने उन्हें कुलपति का पदभार ग्रहण कराया। उन्होंने बताया कि प्रो. हेमलता की नियुक्ति यूजीसी के मानकों के अनुरूप वरिष्ठता क्रम में हुई है। जब तक स्थायी कुलपति की नियुक्ति नहीं होती तब तक कुलपति पद के सभी दायित्वों का निर्वहन प्रो. हेमलता कुलपति के रूप में करेंगी।
कुलसचिव प्रो. डीएस मलिक ने बताया कि स्वामी श्रद्धानंद की तपस्थली गुरुकुल कांगड़ी (समविश्वविद्यालय) में पहली बार एक महिला को कुलपति का कार्यभार दिया गया है। मूल रूप से दक्षिण भारत के मददुरई की रहने वाली प्रो. हेमलता के. ने मददुरई में यूजी, चेन्नई में पीजी करने के बाद 1997 में गुरुकुल कांगड़ी से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। वह कन्या गुरुकुल परिसर देहरादून में अंग्रेजी की प्रोफेसर के तौर पर कई दशकों से कार्यरत हैं।
आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. विवेक कुमार ने कहा कि कुलपति प्रो. हेमलता भारत सरकार के नियमों व आर्य समाज के सिद्धांतों के अनुरूप गुरुकुल कांगड़ी की तमाम व्यवस्थाओं को अनवरत जारी रखेंगी। समविश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी प्रो. देवेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि महिला कुलपति बनने से एक सकारात्मक सोच बनी है। शिक्षक कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष प्रो. प्रभात कुमार व शिक्षणेत्तर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक, गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय विभाग के मुख्य अधिष्ठाता डॉ. दीनानाथ ने कहा है कि प्रो. हेमलता के पदभार ग्रहण करने से नई उर्जा का संचार होगा। इस अवसर पर सेवानिवृत्ति प्रो. सुचिता मलिक, प्रो. सुरेखा राणा, प्रो. नमिता जोशी, प्रो. बिंदु अरोरा, डॉ. मंजूषा कौशिक, प्रो. एलपी पुरोहित, प्रो. राकेश कुमार, प्रो. नवनीत, प्रो. मुकेश कुमार आदि ने हर्ष व्यक्त किया।