देहरादून। रायपुर क्षेत्र की रहने वाली नीलम पंत ने अपनी परिचित महिला स्वाति शर्मा पर घर में चोरी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने रायपुर पुलिस को बताया कि स्वाति शर्मा को वह दो महीने से जानती थी। गत सात सितंबर को नीलम पंत अपने कार्यालय जा रही थीं। उसी वक्त स्वाति शर्मा का फोन आया कि उनका स्कूटर रास्ते में खराब हो गया है। शर्मा ने वसंत विहार जाने की बात कही। नीलम पंत ने स्वाति शर्मा को रास्ते से अपने स्कूटर पर बैठाया। रास्ते में मोथरोवाला में नीलम पंत अपने कार्यालय पर उतर गईं और स्वाति उनका स्कूटर लेकर आगे बढ़ गईं। नीलम का आरोप है कि वह वसंत विहार न जाकर उनके घर रायपुर चली गई। वहां स्वाति करीब दो घंटे तक रही। आरोप है कि उसने स्कूटर में रखी घर की चाबी से दरवाजा खोला और अंदर से जेवर, कपड़े और नकदी चोरी कर ली। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि मामले में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।