कालसी वन प्रभाग की झाझरा रेंज के भानवाला में बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों को काटने का आरोपी वन विभाग की टीम को देखते ही फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने का प्रयास कर रही टीम के साथ उसके माता-पिता ने अभद्रता की। वन दरोगा की तहरीर पर सहसपुर थाना पुलिस ने आरोपी के माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी तहरीर में वन दरोगा मुकेश कुमार ने बताया कि सहसपुर निवासी रजत कुमार और अन्य पर वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बताया कि 20 जून को सुबह 7.30 बजे टीम रजत के घर पर गई थी। इस दौरान वह मौके से फरार हो गया। वन दरोगा ने बताया कि रजत के पिता ओमप्रकाश और माता ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उनके साथ अभद्रता की। दोनों ने टीम को जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी सहसपुर मुकेश त्यागी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
झाझरा रेंज की वन क्षेत्राधिकारी दीक्षा भट्ट ने बताया कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। बताया कि बृहस्पतिवार को उसके घर पर होने की सूचना मिली थी। लेकिन, टीम के घर के पास पहुंचते ही वह फरार हो गया। बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का सहयोग मांगा गया है।