विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के ढालीपुर में बंद घर का दरवाजा तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने गांव के ही रहने वाले आरोपी सद्दाम को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये नकद, पर्स और पीड़ित की आईडी बरामद हुई है। आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करना स्वीकार किया है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि शुक्रवार को ढालीपुर निवासी सुंदर सिंह घर से दुकान चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी काम पर गई थीं। दोपहर करीब 1.00 बजे पत्नी घर लौटी तो दरवाजा टूटा मिला। घर से पर्स, नकदी, मोबाइल और दस्तावेज गायब थे। शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर रविवार रात को ढालीपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी की प्राथमिकी दर्ज है। संवाद