चकराता तहसील क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी युवक को राजस्व पुलिस ने हरिपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उसे बृहस्पतिवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। चकराता तहसील क्षेत्र की नौंवी की छात्रा से दुष्कर्म के मामले में सोमवार को मुकदमा दर्ज किया था। नाबालिग के परिजनों ने आरोपी पर बेटी को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। तहरीर में बताया था कि युवक ने उनकी बेटी का अश्लील वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। राजस्व पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। राजस्व उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत कि बताया कि आरोपी को बुधवार शाम को कालसी क्षेत्र में कोटी एंड हरिपुर के पास गिरफ्तार कर लिया गया।