विकासनगर। बुजुर्ग दंपती और उनके दिव्यांग बेटे को घर में बंद कर चहारदीवारी तोड़ने के मामले में पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मकान मालिक का आरोप है कि दोनों आरोपी उनके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी तहरीर में बुलाकीवाला गांव निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह और उनकी पत्नी बुजुर्ग हैं। घर में उनका दिव्यांग बेटा रहता है। दो बेटे देहरादून में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 11 जनवरी की रात को माजिद और उसके साथियों ने कब्जे की नीयत से उनके घर की चहारदीवारी का 50 फिट हिस्सा तोड़ दिया। माजिद ने उन्हें घर में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। बताया कि उनके परिवार को जान-माल का खतरा है। यह लोग मकान पर जबरदस्ती कब्जा कर सकते हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद