रुद्र सेना के संस्थापक राकेश उत्तराखंडी ने जिला पंचायत के ठेकेदार पर अवैध तरीके से राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर शुल्क वसूलने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि जिला पंचायत जिले के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर लदाई और ढुलाई का ठेका देती है।
आरोप लगाया कि धर्मावाला चौक के निकट ठेकेदार ने हाईवे पर बैरियर लगाकर हाईवे को बाधित किया है। यहां ढुलाई करने वाले वाहनों से शुल्क वसूला जाता है। उन्होंने इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से सूचना मांगी है। इसमें स्पष्ट उल्लेख है कि किसी भी दशा में हाईवे पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। यदि ऐसा होता है तो इसके लिए जिला पंचायत उत्तरदायी होगा। माल भाड़ा वसूलने के लिए वाहनों को रोकने के लिए अलग से स्थान बनाना होगा। नियमों की अनदेखी कर हाईवे को बाधित कर शुल्क वसूला गैरकानूनी है। इससे अक्सर हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है। उन्होंने अवैध तरीके लिए लिए जा रहे शुल्क को बंद और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। एसडीएम विनोद कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि निययों के विरुद्ध वसूली पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।