राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता रायपुर में दो दिवसीय स्टार्ट-अप बूट कैंप संपन्न हो गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के 156 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया। इन छात्रों ने 50 स्टार्ट-अप आइडिया तैयार किए और 12 छात्रों ने अपने स्टार्ट-अप मॉडल पेश किए। देव भूमि उद्यमिता योजना के तहत आयोजित इस दो दिवसीय स्टार्ट-अप बूट कैंप की शुरुआत देवभूमि उद्यमिता योजना की महाविद्यालय नोडल अधिकारी प्रो. पूजा कुकरेती ने की।
कार्यक्रम के पहले सत्र में ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के मैनेजमेंट विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर रजत शर्मा ने कहा कि वे नए विचारों के साथ अपने बिजनेस आइडिया को प्रस्तुत करें। छात्रों ने स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने, आटे की धूप बत्ती बनाने, कप केक, सेनेटरी पैड, ऑन लाइन ट्यूशन, जैविक उत्पाद, फूड ब्लॉग पर अपने विचार दिए। पूंजी निवेश, टारगेट उपभोक्ता, मार्केटिंग को लेकर अपनी रणनीति भी बताई।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में देवना जुयाल ने राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज के तहत वित्तीय साक्षरता पर अपना व्याख्यान देकर छात्रों को जागरूक किया। उन्होंने म्युचुअल फंड, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापार, गोल्ड बॉन्ड स्कीम, विभिन्न एप की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. दक्षा जोशी, प्रो. यतीश वशिष्ठ, डॉ. कविता काला, डॉ. अनिता चौहान, डॉ. सरिता तिवारी, डॉ. प्रत्यूषा ठाकुर, पूजा कोहली, डॉ. रेखा चमोली, डॉ. श्रुति चौकियाल और छात्र संघ अध्यक्ष आदित्य कंडारी, उदित मौर्य उपस्थित रहे।