जिलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में जनसुनवाई हुई। इस दौरान 118 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अधिकतर शिकायतें भूमि संबंधी रहीं। भूमि सीमांकन, अवैध अतिक्रमण, आपसी विवाद, भरणपोषण, जल संस्थान, विद्युत, एमडीडीए, शिक्षा, लोनिवि, नगर निगम और एमडीडीए आदि विभागों से संबंधित शिकायतें भी दर्ज हुईं।
विकासनगर क्षेत्र में अनुसूचित जाति के व्यक्ति की भूमि बिना अनुमति बाहरी व्यक्ति को बेच दी गई। डीएम ने उप जिलाधिकारी विकासनगर नगर को पत्रावली प्रस्तुत करने और छरबा में सरकारी भूमि पर कब्जा करने की शिकायत पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। वहीं, तहसील ऋषिकेश के गडुल में भूमि कब्जा कर मारपीट किए जाने की शिकायत पर उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को कार्रवाई के निर्देश दिए। राजपुर रोड पर कई स्थानों पर डिवाइडर क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की संभावना बने रहने की शिकायत पर लोनिवि को कार्रवाई के निर्देश दिए।
Iजल संस्थान को पेयजल लाइन ठीक करने के निर्देशI
जनसुनवाई में राजपुर रोड पर जल संस्थान की लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की गई। डीएम ने जल संस्थान को पेयजल लाइन ठीक करने के निर्देश दिए। पल्टन बाजार में फुटपाथ पर अतिक्रमण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने पुलिस को कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। देहराखास बस्ती में नदी पर अतिक्रमण करते हुए नदी को संकरा करने की शिकायत की गई। तहसीलदार सदर, नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के आदेश जारी किए। नकरोंदा में एसटीपी प्लांट की भूमि के समीप नाले को पाटकर अतिक्रमण की शिकायत पर राजस्व विभाग के अधिकारियों को निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के लिए कहा।
Iये रहे मौजूदI
जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, अपर मुख्य नगर अधिकारी बीर सिंह बुदियाल, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उप जिलाधिकारी हर गिरि, उप जिलाधिकारी सदर अनामिकता, उप जिलाधिकारी मुख्यालय शालिनी नेगी उपस्थित रहीं।