देहरादून। ग्लेक्शियन इंटरनेशनल स्कूल में नशा उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव बताए गए। सजग इंडिया और देहरादून पुलिस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण के सदस्य ललित जोशी ने कहा कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि व्यक्ति की सोच, निर्णय क्षमता और भविष्य को भी धीरे-धीरे खोखला कर देता है। जिस देश का युवा नशे की गिरफ्त में होता है, वह राष्ट्र कभी भी सशक्त और समृद्ध नहीं बन सकता। युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली पूंजी है। संस्कार, परिवार और माता-पिता के सम्मान को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि माता-पिता का आदर और उनकी सेवा ही सच्चे संस्कारों की पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आधुनिकता के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, पारिवारिक मूल्यों और नैतिक आदर्शों को भी मजबूती से अपनाएं। इस मौके पर स्कूल के प्रबंध निदेशक मयंक गौड़, प्रधानाचार्य नीशा गौड़, इंद्रा कार्की आदि मौजूद रहे।