अवैध कब्जे में मकान, दुकान और कच्चे मकान शामिल
लोक निर्माण विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को करीब 50 किमी लंबे चकराता लाखामंडल मोटर पर 282 अवैध कब्जे चिह्नित किए।
ग्वासां पुल, दांवा पुल, क्वांसी, जाखाधार, गोराघाटी, लाखामंडल आदि कस्बे में टीम ने सड़क के दोनों ओर नापछाप की। अवैध अतिक्रमण को चिह्नित किया। सड़क के दोनों ओर, बंजर भूमि पर कुल 282 अवैध कब्जे पाए गए, जिसमें मकान, दुकानें और कच्चे निर्माण शामिल हैं।
राजस्व उपनिरीक्षक जया लाल शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण पर लाल निशान लगा कर अवैध कब्जे की नाप अंकित कर दी गई है। रिपोर्ट बनाकर एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजी गई है। लोक निर्माण विभाग खंड चकराता के अधिशासी अभियंता एलके गोयल ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सड़क के दोनों ओर अवैध अतिक्रमण को चिह्नित कर नोटिस जारी कर दिए हैं।
कब्जाधारियों को स्वयं कब्जा हटाने को कहा गया है। यदि वे स्वयं कब्जे नहीं हटाते तो पुलिस प्रशासन का सहयोग लेकर कब्जों को हटाया जाएगा। टीम में लाखामंडल के कानूनगो सरदार सिंह राणा, राजस्व उपनिरीक्षक क्वांसी सुरेश जिनाटा, राजस्व उपनिरीक्षक मोहना, अखिलेश कुमार, अमीन अनिल कुमार शामिल रहे।