खादी ग्रामोद्योग राज्य सरकार के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के अंतिम दिन खूब भीड़ उमड़ी। एक ही परिसर में कई तरह के हस्तनिर्मित उत्पाद, पहाड़ी दालें, खादी उद्योग से जुड़े तमाम उत्पादों की लोगों ने जमकर खरीदारी की।
सोमवार को प्रदर्शनी के अंतिम दिन खादी ग्रामोद्योग के राज्य निदेशक संजीव राय पहुंचे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि खादी प्रदर्शनी में उत्तराखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और जम्मू कश्मीर के करीब 70 स्टॉल लगाए गए थे। सभी स्टॉलों पर खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की बिक्री हुई। उन्होंने कहा कि हस्त निर्मित उत्पादों की वर्तमान में मांग बढ़ रही है। इसके चलते खादी प्रदर्शनी में भी ऐसे उत्पाद काफी पसंद किए गए।
उन्होंने बताया कि मेले में नाट्य मंचों ने खादी के प्रति जागरूकता संबंधी नाटक प्रस्तुत किए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन सहायक निदेशक प्रथम बीएस कंडारी, सहायक निदेशक द्वितीय जेएस मलिक सहित खादी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Iछाए रहे हस्तनिर्मित उत्पादI
सात दिवसीय खादी प्रदर्शनी में उत्तराखंड की दालों के साथ ही अन्य उत्पादों की भी काफी खरीदारी लोगों ने की। स्थानीय उत्पादों के साथ ही अन्य राज्यों के सामान भी लोगों को यहां मिले। कपड़ों से लेकर स्किन केयर तक के सामान स्टॉलों पर उपलब्ध रहे। बांस और मूंज से बनी टोकरियां, फूलदान, बांस के पर्दे आदि लोगों ने खूब खरीदे।