एक जालसाज ने रास्ते की जमीन पर मकान बना महिला को 72 लाख रुपये में बेच दिया। महिला ने जब दूसरी जमीन लेने के लिए बैंक से लोन लेना चाहा तो उन्हें इस बात का पता चला। लेकिन, आज तक उनके न तो रुपये लौटाए और न ही उन्हें असल जमीन दिलाई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले में बॉबी त्यागी निवासी मेहूंवाला माफी ने पुलिस को शिकायत की है। उन्होंने अपनी पत्नी इंदू त्यागी के नाम से अक्तूबर 2018 में यशपाल गंगवानी की पत्नी हर्ष गंगवानी निवासी कालका जी, नई दिल्ली से एक मकान खरीदा था। इसकी कीमत 72 लाख रुपये बताई गई। यह रकम उन्होंने नकद व बैंक से लोन लेकर गंगवानी दंपती को दे दिए। तब उन्होंने एक शपथपत्र भी दिया था कि इस जमीन में जो भी कोई कानूनी अड़चन आएगी उसके जिम्मेदार गंगवानी परिवार ही होगा।
इसके बाद वर्ष 2023 में उन्होंने इस मकान के पास में ही जमीन खरीदने के लिए बैंक से लोन लेना चाहा। तब बैंक से पता चला कि उनके मकान के जो दस्तावेज हैं वह रास्ते की भूमि पर बना है। यही नहीं जिस जमीन को वह खरीद रहे हैं वह भी रास्ते की ही जमीन है। यह बात सुनकर वह चौंक गए। लेखपाल से जांच कराई तो उसने भी यही रिपोर्ट दी कि यह जमीन रास्ते की ही है। इस पर उन्होंने गंगवानी से अपने रुपये मांगे लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया। यही नहीं त्यागी दंपती को धमकियां भी दी गईं। एसएचओ पटेलनगर कमल कुमार लुंठी ने बताया कि मामले में गंगवानी दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।