सहसपुर थाना क्षेत्र के खुशहालपुर में कारोबारी के घर पर डकैती की घटना को अंजाम देने के एक आरोपी के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी ने तिमली के जंगल में पुलिस टीम पर तमंचे से दो फायर झोंके थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में है।
धर्मावाला चौकी प्रभारी सतेंद्र भाटी ने सहसपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि उन्हें वायरलेस पर सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन दर्रारेट बैरियर को तोड़ कर धर्मावाला की ओर भागा है। वह अपनी सर्विस रिवाल्वर को लेकर सिपाही के साथ धर्मावाला चौक पर पहुंचे।
रात्रिकालीन अधिकारी मुकेश कुमार और अन्य पुलिसकर्मी भी उन्हें मौके मिले। पुलिस टीम निजी और सरकारी वाहन से दर्रारेट की ओर करीब एक किलोमीटर तक गई। इस बीच सामने से एक पिकअप आती हुई नजर आई।
पुलिसकर्मियों को देखकर चालक पिकअप को तेजी से मोड़ने लगा। इस दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर जंगल में पेड़ से टकरा गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। लेकिन, दूसरा व्यक्ति पिकअप से उतर कर जंगल की ओर भाग गया। वह और अन्य पुलिसकर्मी व्यक्ति के पीछे जंगल की ओर भागे।
बताया कि उन्होंने एक पेड़ की आड़ लेकर व्यक्ति को अपना परिचय देकर सामने आने के लिए कहा। व्यक्ति ने उनकी टीम की ओर फायर झोंक दिया। उन्होंने उसे दोबारा आत्मसमर्पण के लिए कहा। उसने टीम पर एक और फायर झोंक दिया।
बताया कि उन्होंने आत्मरक्षा में अपने सरकारी रिवाल्वर से दो राउंड फायर किए। उसके बाद जंगल से व्यक्ति के कराहने की आवाज आई। टीम ने टॉर्च जलाकर देखा तो व्यक्ति कुछ दूरी पर घायल अवस्था में था। उसके बाएं पैर से खून बह रहा था। घायल के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और पास ही कारतूस का खोखा मिला।
थाना प्रभारी मुकेश त्यागी ने बताया कि उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के किदवई नगर निवासी बबलू बादशाह पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।