दून मेडिकल काॅलेज अस्पताल में भर्ती एक 25 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को शिकायत कर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धनंजय डोभाल ने कहा कि मामले में विभागाध्यक्ष से रिपोर्ट मांगी है। मामले की जांच कराई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सतपुली निवासी अनुपम को नौ नवंबर को दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें एक्यूट पैंक्रियाटाइटिस की समस्या थी। सोमवार को उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। जिससे गुस्साए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल की अगुआई में दल के सदस्य भी उनके समर्थन में अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने संबंधित चिकित्सक पर कई गंभीर आरोप लगाए।
मृतक के भाई अभय कुमार का कहना है कि उनके भाई की मौत अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण हुई है। बताया कि उन्हें वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. विजय भंडारी की देखरेख में भर्ती किया गया था। आरोप लगाया कि संबंधित डॉक्टर एक भी दिन मरीज को देखने नहीं आए।
सोमवार को करीब डेढ़ बजे स्टाफ ने मरीज को एम्स ले जाने की बात कही। करीब सवा दो बजे बताया कि मरीज की मौत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त चिकित्सक निजी प्रेक्टिस करते हैं। शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि चिकित्सक के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हैं। पर अस्पताल प्रशासन कार्रवाई से बच रहा है।