दो कारोबारियों से गेस्ट हाउस बेचने के नाम पर 99 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने कारोबारियों से सचिवालय में मुलाकात की थी। ताकि, उन पर विश्वास जताया जा सके। मामले में राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कैनाल रोड स्थित गंगोत्री विहार और उनके साथी सुंदर लाल पंवार के साथ ठगी हुई है। देवेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में सचिवालय में उनकी मुलाकात सर्व प्रिया विहार कनखल हरिद्वार के रहने वाले गणेश बिंदल से हुई थी। उस वक्त वह कोई होटल या गेस्ट हाउस खरीदने की सोच रहे थे। यह बात उन्होंने गणेश बिंदल को बताई। गणेश बिंदल ने देवेंद्र से कहा कि उसका प्रॉपर्टी का कारोबार है। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को अपने मोबाइल नंबर भी आदान प्रदान कर लिए। कुछ दिन बाद गणेश बिंदल ने देवेंद्र कुमार को फोन किया कि वह अपने गेस्ट हाउस को बेचना चाह रहा है। कोजी होम के नाम से यह गेस्ट हाउस बीएसएनएल वैली लाइन में स्थित है। देवेंद्र को बताया गया कि यह गेस्ट हाउस उनके पार्टनर के नाम पर है। 12 दिसंबर 2022 को गणेश बिंदल ने उन्हें यह गेस्ट हाउस दिखाया और अगले दिन साढ़े छह करोड़ रुपये में सौदा कर लिया। पीड़ित और उनके साथी ने उसी दिन बतौर बयाना 50 लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद 22 दिसंबर 2022 को पैसों की जरूरत बताकर 49 लाख रुपये और ले लिए। झांसा दिया गया कि जब रजिस्ट्री होगी तो यह रकम समायोजित कर ली जाएगी। आरोप है कि गणेश बिंदल ने इसका अनुबंध तक नहीं कराया। जब रजिस्ट्री का दिन आया तो वह टालने लगा। जब देवेंद्र कुमार ने इसकी पड़ताल की तो पता चला कि यह संपत्ति न तो देवेंद्र की है और न ही वह इसमें कोई साझेदार है। इस पर देवेंद्र ने रकम वापस मांगी तो फिर एक झांसा दिया। उनसे कहा गया कि उसके नाम पर खनन पट्टे हैं। इनसे जब कमाई होगी तो वह पैसा लौटा देगा। लेकिन, आज तक पैसा नहीं लौटाया। आरोप है कि गत दो मार्च 2025 को जब वह राजपुर रोड स्थित साईं मंदिर के पास बिंदल से मिलने पहुंचे तो आरोपी अपने बेटे और चार अज्ञात लोगों के साथ आया। वहां उसने पिस्तौल दिखाकर देवेंद्र कुमार को जान से मारने की धमकी दी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि देवेंद्र बिंदल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।