ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के अंतर्गत बैडमिंटन और टेबल टेनिस में देहरादून ओवरऑल चैंपियन रहा। दून की टीम ने विभिन्न वर्गों में छह खिताब जीते।
रविवार को युवा कल्याण विभाग परिसर में हुए बैडमिंटन अंडर-14 बालिका वर्ग में दून की टीम ने बाजी मारी। वहीं, अल्मोड़ा की टीम दूसरे स्थान पर रही। बालक वर्ग में ऊधमसिंह नगर पहले और टिहरी दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में देहरादून पहले और हरिद्वार दूसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में देहरादून पहले और ऊधमसिंह नगर दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में देहरादून पहले और नैनीताल दूसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में ऊधमसिंह नगर प्रथम और अल्मोड़ा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इधर, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में खेले गए टेबल टेनिस के मुकाबलों में अंडर-14 बालिका वर्ग में देहरादून पहले और हरिद्वार दूसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग में चमोली पहले और देहरादून दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में नैनीताल ने पहला और देहरादून ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में हरिद्वार पहले और चमोली दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में देहरादून पहले और पौड़ी दूसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में पौड़ी ने पहला और नैनीताल ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग के निदेशक प्रताप सिंह शाह, संयुक्त निदेशक आर सी डिमरी, उप निदेशक युवा कल्याण अजय कुमार अग्रवाल, सहायक निदेशक एस के जयराज, सहायक समादेष्टा नीरज गुप्ता, दिनेश चौहान, प्रमोद पांडेय, विनय ठाकुर, रीना आदि उपस्थित रहे।