बहादराबाद। कस्बे के मुख्य बाजार में नहर की पटरी पर बनी दुकानों में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल गया।
मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे बहादराबाद काली माता तिराहे के पास नहर किनारे सिंचाई विभाग की अस्थायी बनी टिन शेड की दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी दुकान में अंदर फैले अखबारों पर गिर गई जिससे आग फैल गई। बराबर में कोल्ड ड्रिंक की दुकान में रखे फ्रिज के आग लगने के बाद धीरे-धीरे आग अन्य दुकानों में भी फैल गई। राहगीरों ने सूचना पुलिस और फायर बिग्रेड को दी । मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। तब तक दुकानों में रखा सामान जल चुका था। आग से मुकेश की कोल्ड ड्रिंक की दुकान में तीन लाख, शकील का एक लाख, शहजाद का तीन लाख, यामीन का 40 हजार, सुरेश जायसवाल का 50 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया।