ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
12वीं दिनेश नेगी मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में देहरादून फुटबाल एकेडमी ने छिद्दरवाला को 3-0 से शिकस्त दी। डीएफ के विपुल थापा ने दो और यश फर्स्वाण ने एक गोल किया। उत्तराखंड फुटबाल रेफरी एसोसिएशन और अठूरवाला दिनेश नेगी फुटबाल समिति की ओर से अठूरवाला कोठी, भानियावाला डोईवाला में आयोजित पहले मुकाबले में डीएफए ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। विपुल थापा ने 25वें और 59वें मिनट में गोल दागकर विरोधी टीम पर दबाव बना दिया। 69वें मिनट में यश फर्स्वाण ने गोल दागकर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। विरोधी टीम अंत तक कोई गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 3-0 से हार गई। इस अवसर पर यूएफआरए सचिव वीरेंद्र सिंह रावत, ग्राम प्रधान मंजू चमोली, करतार नेगी, दीपक नेगी, वीरेंद्र नेगी, कृति नेगी, बेताल सिंह नेगी, विजय लक्ष्मी राणा, आशीष बिजल्वाण, विक्रम रावत, गोपाल थापा, महेश शुक्ला, प्रकाश मल, प्रवीन सिंह रावत, सुरेंद्र पयाल व दिलबर सिंह बिष्ट समेत अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।