लक्सर। ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से की गई छापेमारी के बाद फिर से कस्बे में प्रतिबंधित दवाइयों का धंधा जोर पकड़ रहा है।
पिछले सप्ताह उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र की अगुवाई में ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की थी। इस दौरान सुल्तानपुर के साबरी व लक्सर के आईएस और ज्ञानदीप के मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाई के साथ-साथ एक्सपायरी डेट व बिना बिल की दवाइयां मिली थी। उसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने तीनों मेडिकल स्टोरों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए साबरी मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की थी। छापेमारी के बाद जहां मेडिकल स्टोर संचालक सचेत हो गए थे। वहीं काफी हद तक प्रतिबंधित दवाओं की ब्रिकी पर लगाम लगी थी, लेकिन अब फिर से प्रतिबंधित दवाओं की ब्रिकी जोर पकड़ रही है। रविवार को भी युवकों का समूह आबकारी विभाग के कार्यालय समीप बैठा प्रतिबंधित दवाइयों का सेवन कर रहा था। इस दौरान कुछ कस्बेवासियों के मौके पर पहुंचने पर युवक फरार हो गए। ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि जल्द दोबारा छापेमारी की जाएगी। आईएस मेडिकल स्टोर संचालक ने नोटिस का जवाब दे दिया है, जबकि साबरी व ज्ञानदीप के नोटिस का जवाब आना बाकी है। उन्होंने बताया कि उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।