हरबर्टपुर बस अड्डे पर ग्रीन, ट्रिप कार्ड की जांच के लिए आने वाले यात्री वाहनों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। चेक पोस्ट पर 10 मिनट में वाहनों के ट्रिप और ग्रीन कार्ड की जांच के बाद यात्री वाहनों को रवाना किया जा रहा है। बस अड्डा परिसर में लगे जर्मन हैंगर में दिनभर सन्नाटा पसरा हुआ है। मंगलवार को विकासनगर के हरबर्टपुर अंतरराज्यीय बस अड्डे से 814 यात्री यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुए। एआरटीओ प्रवर्तन अनिल नेगी ने बताया कि बस अड्डे पर 51 वाहनों के ट्रिप कार्ड और ग्रीन कार्ड की जांच की गई। वहीं, जिला पर्यटन अधिकारी सीमा नौटियाल ने बताया हरबर्टपुर बस अड्डे पर 320 और नया गांव पेलियो में 101 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करवाया।