फुटकर में टमाटर के दामों में जमकर मुनाफाखोरी चल रही है। मंडी में जहां 80 रुपये किलो तक टमाटर मिल रहा है, वहीं फुटकर में 150 से 200 रुपये किलो तक दाम वसूले जा रहे है। मंडी समिति के मुताबिक अब नासिक और बंगलुरू से टमाटर आने लगा है ऐसे में कुछ दिनों में दामों में कमी आने लगेगी।
दरअसल, पिछले दो-तीन महीने से टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं। हालांकि मंडी में टमाटर के दाम काफी कम हैं, लेकिन इसके बाद भी फुटकर में टमाटर 150 से लेकर 200 रुपये किलो तक बिक रहा है। हालांकि बीच में जिला प्रशासन ने मंडियों में मूल्य सूची लगातार टमाटर का अधिकतम मूल्य 120 रुपये किलो तक तय किया था, लेकिन अब फिर से मुनाफाखोरी शुरू हो गई है। मंडी समिति के सचिव विजय थपलियाल ने बताया, जहां मंहगा टमाटर बिक रहा है, वहां छापेमारी की जाएगी।