साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर राजपुर रोड के रहने वाले हार्दिक जैन से 6.96 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्हें पिछले दिनों व्हाट्सएप पर मैसेज आया था। इसमें कुछ रेटिंग देने के बदले लाभ कमाने की बात कही गई थी। उन्हें एक ग्रुप से जोड़ लिया गया। यहां उनसे कई तरह के टास्क पूरे कराए गए, जिसमें उन्हें लाभ के रूप में कुछ धनराशि भी मिली। इसके बाद उनको एक अन्य ग्रुप से जोड़कर वहां निवेश करने के लिए कहा गया। अलग-अलग तिथियों में 6.96 लाख रुपये जमा करा लिए गए। उन्हें वेबसाइट पर लाभ भी दर्शाया गया। लेकिन, जब उन्होंने अपनी रकम निकालनी चाही तो उनसे और निवेश कराने के लिए कहा गया। इसके बाद वह समझ गए कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। जैन ने पुलिस को बताया कि यह रकम 17 से 19 मार्च के बीच जमा कराई गई है। अब वहां से कोई जवाब नहीं आ रहा है। शहर कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।