देहरादून। इस बार राज्य में ढाई करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वन विभाग ने मानसून में ही 63 लाख पौधे लगाने की तैयारी की है।
इसके तहत सबसे अधिक पश्चिमी वृत्त के अधीन रामनगर, तराई पश्चिम, तराई पूर्वी, तराई केंद्रीय और हल्द्वानी वन प्रभाग में 2054 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 19,65,522 पौधों को लगाने का खाका खींचा गया है। हर साल मानसून में वन महकमा बड़े स्तर पर पौधरोपण करता है। इसकी तैयारी से लेकर लक्ष्य पहले से तय किए जाते हैं। इस बार राज्य में 7057 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 63,92,049 पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। इसमें वृत्तों के अधीन प्रभागों में अलग-अलग लक्ष्य रखा गया है।