ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
डीआईटी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को करियर काउंसलर परवीन मल्होत्रा और जुबिन मल्होत्रा ने छात्र-छात्राओं को करियर के फार्मूले बताए। डीआईटी विवि में आयोजित सेमिनार में विभिन्न स्कूल और कोचिंग संस्थानों के करीब 650 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसके अलावा करीब 20 स्कूलों के प्रिंसिपल व शिक्षक भी शामिल हुए। सेमिनार का शुभारंभ विवि के वाइस चांसलर डॉ. केके रैना ने दीप जलाकर की। इसके बाद परवीन मल्होत्रा और जुबिन मल्होत्रा ने छात्रों को मानसिक और शारीरिक मजबूती के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यह दोनों मजबूती किसी भी क्षेत्र में करियर को नए मुकाम तक पहुंचाने में अहम होती हैं। तीन घंटे के इस सेमिनार में विशेषज्ञों ने 12वीं के बाद होने वाले दाखिलों से संबंधित छात्रों के असमंजस भी दूर किए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में करियर चुनने के लिए भविष्य के बारे में भी सोच-विचार कर लेना जरूरी होता है। छात्रों के उत्साह को देखते हुए दोनों काउंसलर ने दोबारा डीआईटी आने का वादा किया।