ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
डीएवी कॉलेज के छात्र कौशल ने माउंट सैफी चोटी में तिरंगा लहराकर कॉलेज और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कौशल एनसीसी 29 उत्तराखंड बटालियन के छात्र हैं। कौशल ने बताया कि 12 जून को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का 14 सदस्यीय दल कर्नल धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में माउंट सैफी अभियान के लिए रवाना हुआ था। दल ने 21 जून को हर्षल में अभ्यास किया था। इसके बाद 22 जून को दल गंगोत्री से बसा गोमुख होते हुए रक्तदान बेस कैंप पहुंचा। इसके बाद 29 जून की रात चढ़ाई शुरू की गई और 30 जून की सुबह 6167 मीटर ऊंचे माउंट सैफी हिमशिखर पर तिरंगा फहराया गया। कौशल की इस उपलब्धि के लिए डीएवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना, मेजर अतुल सिंह, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. हरिओम शंकर, डॉ. सत्यम द्विवेदी ने बधाई दी है।