ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड के उद्योगपति अब अपने उत्पादों की प्रदर्शनी फिलीपिंस और कोलंबिया में लगाएंगे। इसके लिए सिडकुल उन्हें एक-एक लाख रुपये की सहायता देगा।
यह जानकारी बुधवार को सहारनपुर चौक के निकट स्थित एक होटल में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की ओर से आयोजित सेमिनार में दी गई। इसके अलावा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की एक्सपोर्ट इंजीनियरिंग प्रमोशन काउंसिल (ईईपीसी) की ओर से सेमिनार में 24-28 सितंबर के बीच होने वाले भोगोटा इंडस्ट्रियल ट्रेड शो और 22-25 अगस्त के बीच होने वाली इंडियन इंजीनियरिंग एक्जीबिशन पर चर्चा हुई। आईआईए के चेयरमैन राकेश भाटिया ने बताया कि प्रदेश के उद्यमियों के लिए यह अच्छा मौका है। इससे उन्हें अपना माल निर्यात करने में मदद मिलेगी। आईआईए के उपाध्यक्ष लतीफ चौधरी ने बताया कि सरकार के वित्तीय प्रोत्साहन से उद्योगों में निश्चित तौर पर नई ऊर्जा का संचार होगा। ईईपीसी के सहायक निदेशक जीपी मल्होत्रा ने केंद्र सरकार की नीतियों के तहत इंजीनियरिंग व अन्य उद्योगों के उत्पाद विदेशों में निर्यात करने के अवसर की जानकारी दी। इस मौके पर आशुतोष श्रीवास्तव, अंशुल अरोड़ा, विजय सिंह तोमर, उदयवीर, पवन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।