रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग-चोपता-पोखरी मार्ग पर कुंडा चोपता में पीएमजीएसवाई की ओर से सड़क किनारे नाली निर्माण के दौरान पुश्ता ढह जाने से मकान को खतरा हो गया है। भवन स्वामी ने पीएमजीएसवाई से शीघ्र नए पुश्ता निर्माण की मांग की। भवन स्वामी मानवेंद्र सिंह बर्तवाल व मोहनचंद्र सिंह ने बताया कि बीते दिनों रुद्रप्रयाग-चोपता पोखरी मोटरमार्ग पर कुंडा तोक में मोटर मार्ग किनारे पानी की निकासी के लिए जेसीबी से नाली खोदने का कार्य किया गया। उसी दिन हुई भारी बारिश के चलते उनके भवन के आगे लगा पुश्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे मकान को खतरा पैदा हो गया है। जिला प्रशासन व संबंधित विभाग को भी अवगत कराने के बाद भी भवन की सुरक्षा के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं।