साहिया। पशु चिकित्सालय की टीम ने साहिया स्थित गोशाला में 60 गोवंश के खुरपका, मुंहपका बीमारी के चलते टीकाकरण किया। डॉ. नरेंद्र लाल ने बताया कि खुरपका और मुंहपका ऐसा रोग है, जिससे सबसे अधिक पशु प्रभावित होते हैं। बीमारी से बचाव के लिए पशु चिकित्सा विभाग ने टीकाकरण अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से पशु के ग्रसित होने से दुग्ध उत्पादन काफी कम हो जाता है। समय से इलाज नहीं होने पर पशु की मौत तक हो जाती है। यह बीमारी संक्रामक वायरस आप्थो से होती है। संक्रमित जानवरों के लार, मूत्र और मल के माध्यम से अन्य पशुओं में बीमारी फैलती है। इसका उपचार टीकाकरण है। इस मौके पर राकेश चौहान, मोहनलाल शर्मा, महेंद्र राठौर, कृपाल सिंह, गुमान सिंह आदि उपस्थित रहे। संवाद