आबकारी विभाग ने हाल ही में खुली इंपोर्टेड शराब की 53 दुकानों को सील कर दिया है। आरोप है कि इन विक्रेताओं को डिपार्टमेंटल स्टोर में शराब बेचने की अनुमति थी, लेकिन ये केवल शराब ही शराब सजाकर बैठ गए हैं। इस बीच कुछ दुकानों में बहुत सी अनियमितताएं भी पाई गई हैं। इन दुकानों पर चेकिंग की जा रही है। जिन दुकानों पर अनियमितताएं नहीं मिली उनकी सील खोल दी गई है।
बता दें कि इस वर्ष की आबकरी नीति में डिपार्टमेंटल स्टोर में इंपोर्टेड और कुछ चुनिंदा भारतीय ब्रांड बेचने की अनुमति दी गई थी। इसके लिए बहुत से लोगों ने आबकारी विभाग में आवेदन किया। इनसे निर्धारित शुल्क वसूलने के बाद शराब बेचने की अनुमति दे दी गई। देहरादून जिले में ऐसे 53 डिपार्टमेंटल स्टोर को इस तरह के लाइसेंस दिए गए। लेकिन, पिछले दिनों शासन को शिकायत मिली कि इन दुकानों पर डिपार्टमेंटल स्टोर जैसा कुछ नहीं है। दो-चार नमकीन के पैकेट और पानी, चॉकलेट आदि रखकर डिपार्टमेंटल स्टोर खोल दिया गया है। इसके अलावा यहां पर शराब ही शराब सजी हुई है। कई जगहों पर एमआरपी में कुछ छूट देकर भी शराब बेची जा रही है।
ऐसे में एकाएक शासन ने इन सभी दुकानों को सील कर चेकिंग करने के आदेश दिए थे। जिला आबकारी अधिकारी राजीव चौहान ने बताया कि शनिवार और रविवार रात को जिले की सभी 53 दुकानों को सील कर दिया गया। इसके बाद इनकी चेकिंग की जा रही है। जिन दुकानों में अनियमितताएं नहीं हैं उनकी सील खोली जा रही है। इन सबके स्टॉक चेक करने के साथ दस्तावेज जांचे जा रहे हैं। जिनके खिलाफ शिकायत पुष्ट हो रही है उनके लाइसेंस भी निलंबित किए जाएंगे।
-
राज्य से बाहर की शराब बेचने की शिकायत होलोग्राम भी गायब
आरोप है कि कुछ दुकानों पर राज्य से बाहर की शराब बेची जा रही थी। हालांकि, अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। आरोप यह भी हैं कि चेकिंग के दौरान कई दुकानों पर शराब की बोतलों पर आबकारी विभाग का होलोग्राम भी नहीं लगा है। इन सबकी रिपोर्ट बनाकर आबकारी विभाग शासन को भेजेगा, जिसके बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।