सभी को समझनी होगी पानी की महत्ता : पंत
ब्यूरो/अमर उजाला/ देहरादून।
हमें पानी की महत्ता समझने का समय आ गया है। यही हमारी प्राथमिकता भी होनी चाहिए। ये बातें पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने सोमवार को ग्राम पंचायत हरियावाला खुर्द के जैंतनवाला में घंघोड़ा पेयजल योजना के अंतर्गत निर्मित नलकूप के लोकार्पण के अवसर पर कहीं। इस मौके पर मसूरी विधायक गणेश जोशी भी मौजूद रहे। नलकूप से हरियावाला ग्राम पंचायत के कई गांवों में पेयजल आपूर्ति होगी। नलकूप 32.93 लाख रुपये की लागत से बना है। इसमें 10 लाख रुपये मसूरी विधायक ने अपनी निधि से दिए हैं। पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि राज्य में गंगा एवं यमुना जैसी नदियों के बाद भी यहां पेयजल की कमी है। समस्या को कई बार केंद्रीय स्तर पर भी उठाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 में स्वजल की शुरुआत हुई। इसका उद्देश्य यही था इसके नाम से ही व्यक्ति को स्वयं के जल का बोध हो और वह पानी की अधिक से अधिक संरक्षित करे। मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि गढ़ी कैंट, अनारवाला, नया गांव, जोड़ही क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था कराना उनकी प्राथमिकता है। घंघोड़ा क्षेत्र में लगे नलकूप से एक हजार एमएलडी पेयजल की व्यवस्था होगी। इससे जैंतनवाला, चांदमारी, नागनाथ, घंघोड़ा, हल्दूवाला एवं विलासपुर काड़ली आदि क्षेत्र की पेयजल समस्या दूर होगी। इसके अलावा विधायक जोशी ने 2019 तक सभी पेयजल योजनाएं पूरी कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने पेयजल मंत्री से चांदमारी पेयजल योजना को भी तत्काल ठीक कराने और विलासपुर काड़ली गांव के खाली टैंक तक पेयजल लाइन जोड़ने की मांग की। ग्राम प्रधान नैन सिंह पंवार ने हरियावाला खुर्द में नलकूप एवं टैंक के निर्माण की मांग की। जिला पंचायत सदस्य संध्या थापा ने पेयजल मंत्री से नागनाथ, घंघोड़ा, हल्दूवाला एवं विलासपुर काड़ली में पेयजल की उचित व्यवस्था के लिए ओवरहेड टैंक बनाने की मांग की। इस अवसर जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक एसके गुप्ता, अधिशासी अभियंता जीपी गैरोला, कनिष्ठ अभियंता अनिल नेगी, ग्राम प्रधान गीता, ज्योति कोटिया, दीपक पुंडीर, सुंदर कोठाल, लक्ष्मण रावत, वंदना बिष्ट, पार्षद नंदनी शर्मा, पूजा गुरुंग, सविता गुरूंग प्रेम पंवार, अनुज रोहिला मौजूद रहे।