करोड़ों की धोखाधड़ी में फरार बिल्डर दीपक मित्तल और उसकी पत्नी राखी मित्तल पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। प्रकरण में पुलिस ने जांच का दायरा भी बढ़ा दिया है। कई सफेदपोश भी पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस जल्द ही इनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर सकती है।
दीपक मित्तल और उसकी पत्नी राखी मित्तल पर डालनवाला और राजपुर थाने में लोगों को फ्लैट बेचने के एवज में उनके पैसे हड़पने के संबंध में आठ मुकदमे दर्ज किए गए थे। छह में न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। दो मुकदमों की विवेचना चल रही है। दीपक और उसकी पत्नी राखी के खिलाफ राजपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। इसमें दोनों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया गया है। जांच के दौरान पुलिस को दीपक मित्तल के सहस्त्रधारा हेलिपैड के पास आर्चिड पार्क, डालनवाला क्षेत्र में एमिनेंट हाइट और अपस्केल लिविंग नाम से तीन अलग-अलग प्रोजेक्ट की जानकारी मिली थी।
इनके संबंध में पुलिस ने उसके सहयोगियों के माध्यम से लोगों से हुए लेनदेन के संबंध में कई नए साक्ष्य जुटाए हैं। कई सफेदपोशों के इन प्रोजेक्ट में पैसों के लेनदेन से संबंधित बैंक डिटेल पुलिस को मिली है। इनके संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने कहा, पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया है। कई सफेदपोश व्यक्तियों के नाम संदेह के घेरे में हैं। इनके खिलाफ जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी।