जिला पूर्ति विभाग ने शहर में कार्रवाई करते हुए होटल, रेस्टोरेंट से 49 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए। साथ ही संचालकों और मालिकों को दोबारा घरेलू रसोई गैस सिलिंडरों के इस्तेमाल करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिला पूर्ति अधिकारी विवेक शाह ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंटों में घरेलू रसोई गैस सिलिंडरों के प्रयोग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद टीम का गठन कर शुक्रवार को हरिद्वार बाईपास, बंगाली कोठी, मोथरोवाला और बंजारावाला में होटल, रेस्टोरेंटों पर छापा मारा गया। इस दौरान मैसर्स विनय फास्ट फूड, पहाड़ी ब्रदर्स रेस्टोरेंट खान दरबार, भुख्खड़ डोसा प्वाइंट, स्पाइस हाउस में घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस दौरान टीम ने 49 घरेलू सिलिंडर जब्त किए, जिन्हें नजदीकी गैस एजेंसी में रखा गया है।
जिलापूर्ति अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी प्रशांत बिष्ट, पूर्ति निरीक्षक विजय डोभाल, रजत नेगी, विजय नैथानी, कुलदीप आदि शामिल रहे।