ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में मेरठ में हुई हिंसा का प्रभाव सोमवार को देहरादून के आईएसबीटी पर भी देखने को मिला। बसें नहीं चलने के कारण परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। मेरठ के रास्ते दिल्ली, जयपुर आदि जगहों पर जाने वाले यात्री बसों के लिए भटकते नजर आए। जयपुर जाने के लिए आईएसबीटी पहुंचे आशुतोष नयाल ने बताया कि वह दोपहर तीन बजे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बस नहीं मिली। जयपुर जा रहे राजेंद्र कुमार का कहना था कि शाम पांच बजे बस अड्डे पहुंचने पर बस नहीं जाने की जानकारी हुई। उन्होंने कहा कि अब कल देखते हैं। दिल्ली जाने वाले थॉमस ने बताया कि वह निजी काम से देहरादून आए थे। उन्हें वापस दिल्ली लौटना था, लेकिन बस नहीं चलने से नहीं जा सके। त्रिलोक सिंह ने बताया कि उन्हें जरूरी कार्य से दिल्ली जाना था। बस अड्डे पर आकर पता चला कि बसों का संचालन बंद है।