जमीन दिलाने के नाम पर सेना के एक पूर्व जवान से जालसाजों ने 35 लाख रुपये ठग लिए। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिसकर्मी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पटेलनगर पुलिस के अनुसार राजेंद्र प्रसाद निवासी रामड़ा तल्ला गैरसैण चमोली सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह देहरादून में घर बनाने के लिए जमीन खरीदना चाह रहे थे। इसके लिए उन्होंने अपने पड़ोसी प्रदीप रावत से संपर्क किया। उसने अपनी एक जमीन दिलाने की बात कही और अरविंद निवासी मेहूंवाला देहरादून को लेकर उनके गांव आया। दोनों ने उन्हें हरभजवाला देहरादून में जमीन दिलाने की बात कही। छह मार्च 2019 को उन्हें जमीन दिखाई गई। आठ मार्च को अरविंद ने उनसे 10.20 लाख रुपये नकद लिए।
उन्होंने जब बैनामा कराने को कहा तो वह टालमटोल करने लगे। आरोपी अब तक उनसे कुल 35 लाख रुपये ले चुके हैं। आरोप है कि उन्हें हरभजवाला की जगह फर्जी कागजों के जरिए विकासनगर में एक जमीन दी गई। बाद में पता चला की यह जमीन किसी और की है। अब उन्हें धमकी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदीप रावत उत्तराखंड पुलिस ने तैनात है। पुलिस ने अरविंद, प्रदीप के साथ सुनील बिष्ट निवासी कौलागढ़, प्रकाश चंद्र, रमेश निवासी, छोटे लाल तीनों निवासी विकासनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।