कोरोना वायरस से बचाव के लिए सेवायोजन कार्यालय को 25 मार्च तक बंद कर दिया गया है। अगर कोई युवा पंजीकरण कराना चाहता है तो घर बैठे अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी की ओर से इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है। इसमें कहा गया है कि कोरोना वायरस के प्रभाव को रोकने के लिए कार्यालय को बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके कारण कार्यालय में अब रजिस्ट्रेशन और नवीनीकरण का काम नहीं होगा। यदि किसी को इस समयावधि में रजिस्ट्रेशन या नवीनीकरण करना है तो ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर सेवा का लाभ लें।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
-www.edistrict.uk.gov.in पर जाएं
-होम पेज में जाकर लॉग इन पर जाएं।
-लॉग इन पर dont have an user account के विकल्प को चुनकर अपनी लॉग-इन आईडी बनाकर अपना रजिस्ट्रेशन या नवीनीकरण कर सकते हैं।
-रजिस्ट्रेशन के लिए अपने प्रमाणपत्रों की पीडीएफ फाइल 300 केबी से कम साइज में स्कैन कर अपलोड करें।
ये चाहिए दस्तावेज:
-मूल निवास प्रमाणपत्र (उत्तराखंड के किसी भी जिले का)
-लोकल आईडी (जिनका मूल निवास देहरादून के अलावा अन्य जिला है उनके लिए आधार कार्ड, डीएल वोटर आईडी, राशन कार्ड)
-जाति प्रमाणपत्र (केवल अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग)
-जन्मतिथि प्रमाणपत्र (हाई स्कूल की मार्क्सशीट व प्रमाणपत्र)
-अंतिम शैक्षिक योग्यता या तकनीकी योग्यता की मार्क्सशीट
-नवीनीकरण के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कार्ड (एक्स-10) भी अपलोड करें।