ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
उत्तर प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक की सुरक्षा रविवार को सोशल मीडिया पर मुद्दा बन गया। ब्रजेश पाठक देहरादून स्थित बीजापुर गेस्ट हाउस में रुके हैं। जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा नहीं मिलने पर कानून मंत्री के साथ आए लोगों ने आपत्ति जताई। वहीं, एसएसपी के मुताबिक, यूपी के कानून मंत्री के देहरादून पहुंचने और उनकी सुरक्षा को लेकर उनके पास कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। इसके बाद भी सामान्य सुरक्षा दी गई है। यूपी के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक रविवार शाम मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलने के बाद बीजापुर गेस्ट हाउस चले गए। स्थानीय पुलिस की ओर से उन्हें सुरक्षा दी गई। इस पर कुछ लोगों ने सवाल खड़े कर दिए, जो सोशल मीडिया पर मुद्दा बन गया। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि यूपी के कानून मंत्री को जेड प्लस की सुरक्षा मुहैया कराने का कोई भी आदेश नहीं है। सूचना मिलने पर उनको सामान्य श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई गई।