देहरादून। उत्तराखंड में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत अब तक 187 करोड़ की निधि से लगभग 16 हजार युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। राज्यसभा में सांसद महेंद्र भट्ट ने राज्यसभा में इस केंद्रीय योजना को लेकर प्रदेश में लाभान्वित ग्रामीण युवाओं की जानकारी मांगी थी। जिसके जवाब में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने बताया कि नवंबर 2025 तक इस योजना के तहत अब तक कुल 25,113 अभ्यर्थी प्रशिक्षित हुए हैं। इसके तहत कुल 15,820 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। 187.88 करोड़ रुपये की निधि अवमुक्त की गई है। डीडीयू-जीकेवाई 1.0 के तहत आठ ट्रेडों में 22 बैच के साथ 683 अभ्यर्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसी तरह डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 2783 का लक्ष्य आवंटित किया गया है। राज्य अभिरुचि की अभिव्यक्ति में 175 परियोजना आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 54 आवेदन अब तक पात्र पाए गए हैं।