जौनसार बावर की लाइफलाइन कहा जाने वाला कालसी-चकराता मोटर मार्ग शनिवार को सुबह खोल दिया गया। इसके अलावा, 16 मोटर मार्ग बंद रहे जिनसे मलबा हटाने का काम चलता रहा। इन मार्गों के बंद होने के चलते स्थानीय किसानों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई।
रावना-पुरोड़ी मोटर और बौसान मोटर मार्ग छठवें दिन भी बंद रहा। रावना-पुरोड़ी मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त के हिस्से की मरम्मत की जा रही है। मोटर मार्ग बंद होने के चलते किसान स्थानीय स्तर पर अपनी कृषि उपज बेचकर किसी तरह काम चला रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बरसात ने ग्रामीणों की मुसीबत बढ़ा दी है। शुक्रवार को कालसी-चकराता मोटर मार्ग खोल दिया गया था, लेकिन मलबा आने से फिर बंद हो गया। मोटर मार्ग पर लगातार मलबा आ रहा था। शनिवार सुबह मोटर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 24 घंटे बंद रहने के बाद सुबह 10 बजे मोटर मार्ग पर यातायात शुरू हो सका।
लोक निर्माण विभाग अस्थायी खंड साहिया के शहीद सुरेश तोमर गास्की मोटर मार्ग एक जगह, मसूरी-चकराता से गोई-छनास मोटर मार्ग एक जगह, काहा-नेहरा-पुनहा मोटर मार्ग एक जगह, बिजऊ, कोफ्टी-जोशी गांव-दातनु बडनू मोटर मार्ग एक जगह, हमरू-ललऊ-गोथान से गठेता-दातनु-बडनू मोटर मार्ग एक जगह मलबा आने से बंद हो गया। अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल ने बताया कि सुबह 10 बजे कालसी-चकराता मोटर मार्ग को खोल दिया गया। अन्य मोटर मार्ग से मलबा हटाया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग पीएमजेएसवाई कालसी क्षेत्र का जगथान मोटर मार्ग छह जगह, गडोल-सकरोल मोटर मार्ग चार जगह, ध्वैरा से देऊ मोटर मार्ग दो जगह, खारसी लिंक एक जगह व इंद्रोली-कंधार मोटर मार्ग तीन जगह, दमन से देराऊ मोटर मार्ग दो जगह, मसराड़ मोटर मार्ग एक जगह व खरासी-फाटुवा मोटर मार्ग चार स्थानों पर बंद है। बौसान मोटर मार्ग छठवें दिन भी बंद रहा।
लोक निर्माण विभाग अस्थाई खंड चकराता का रावना-पुरोड़ी मोटर संपर्क मार्ग एक जगह, टुंगरा मोटर मार्ग एक जगह, निनुस मोटर मार्ग तीन जगह बंद है। सहायक अभियंता आदित्य ठाकुर ने बताया कि मोटर मार्गों से मलबा हटाया जा रहा है। बताया कि रावना-पुरोड़ी मोटर मार्ग की मरम्मत का काम चल रहा है। बताया कि दो अगस्त तक मोटर मार्ग खुलने की उम्मीद है। मोटर मार्ग के बचे हिस्से से छोटे वाहनों का अवागमन करवाया जा रहा है। बताया कि टुंगरा मोटर मार्ग के पुश्ते के निर्माण के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया। निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने का इंतजार किया जा रहा है। बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लांगापोखरी संपर्क मार्ग से यातायात चलाया जा रहा है। उधर, प्रांतीय खंड से संबंधित विकासनगर क्षेत्र का कोटड़ा-कल्याणपुर-बडवा-लांघा मोटर मार्ग भी एक स्थान पर बंद होने की सूचना है।