नारायणबगड़। विकास भवन सभागार में प्रांतीय रक्षक दल का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान दल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आजाद हिंद फौज के महानायक सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके पद चिह्नों पर चलने का संकल्प लिया। प्रांतीय रक्षक दल के जिलाध्यक्ष रामानंद भट्ट ने कहा कि प्रांतीय रक्षक दल के युवा देश और प्रदेशों में निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से उनके नियमितीकरण की दिशा में सकारात्मक प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से दल के युवाओं के नियमितीकरण की मांग उठाई। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत प्रमुख अंशी नेगी, बीडीओ केएस मेहरा, नरेंद्र सिंह, बलवीर राम, सुरेंद्र राम, भगवती प्रसाद और जोत सिंह रावत आदि ने विचार व्यक्त किए।