कर्णप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे के जयकंडी से मैखुरा के लिए निर्माणाधीन सड़क का निर्माण आधा-अधूरा होने से ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीण गिरीश डिमरी ने लोनिवि गौचर के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क का निर्माण पूरा नहीं होने पर आमरण अनशन की चेेतावनी दी। गिरीश डिमरी ने कहा कि जयकंडी से आमसौड़, ग्वाड़, बणसोली, सेरागाड़, मैखुरा, कांडा आदि गांवों के लिए वर्ष 2007 से सड़क का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन 11 साल बाद भी सड़क पूरी नहीं बन पाई। उन्होंने कहा यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो आमरण अनशन किया जाएगा।