श्रीनगर। गढ़वाल विवि के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से अंतर सदनीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इसमें भागीरथी सदन चैंपियन बना।
शनिवार को विवि प्रशासनिक भवन मैदान में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि प्रभारी कुलपति प्रो. एससी बागड़ी ने कहा कि छात्रों की रचनात्मक गतिविधियां परिसर में सकारात्मक ऊर्जा एवं जोश भरती हैं। उन्होंने कहा कि यहां से ग्रहण की गई शिक्षा का उपयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए करें। प्रतियोगिता का पहला मैच भागीरथी सदन व पिंडर सदन के बीच खेला गया। इसमें भागीरथी सदन विजेता रहा। फाइनल मुकाबला भागीरथी व मंदाकनी सदन के बीच खेला गया। इसमें भागीरथी सदन विजयी रहा। कुलपति प्रो. एससी बागड़ी ने विजेता भागीरथी सदन को ट्राफी प्रदान की। प्रतियोगिता के आयोजन में मोहित सिंह, गुरदीप सिंह, हीरालाल यादव, डा. मुकुल पंत व तरुण रावत आदि ने सहयोग किया।