कर्णप्रयाग। एक साल से ऊर्जा निगम कार्यालय और विद्युत सब स्टेशन जाने वाली सड़क बदहाल पड़ी हुई है। ऐसे में विद्युत सब स्टेशन में मशीनों में तकनीकी खराबी आने से मशीनों को ले जाने और उपभोक्ताओं को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां क्षतिग्रस्त दीवारें और उबड़-खाबड़ सड़क पर हादसे का खतरा बना हुआ है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेश डिमरी, बलवीर लाल, रविंद्र खंडूड़ी, शशिकांत डिमरी आदि ने शासन-प्रशासन और ऊर्जा निगम से सड़क की मरम्मत की मांग की। ऊर्जा निगम के एसडीओ पीएस नेगी ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। धनराशि स्वीकृत होने पर निर्माण कार्य किया जाएगा।